मुरादाबाद। अपना दल कमेरावादी के मण्डल अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने डीआईजी महोदय को ज्ञापन सौंपकर जनपद रामपुर के थाना केमरी क्षेत्र के ग्राम बिढऊ निवासी एक नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में तत्काल रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि 20 जनवरी 2026 की रात्रि लगभग 12 बजे ग्राम बिढऊ निवासी रामसुमर कश्यप की नाबालिग पुत्री को थाना भोट क्षेत्र के ग्राम मोहन की मढ़ेयान निवासी अरबिंद पुत्र रमेश अपने कुछ साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर जबरन बैठाकर ले गया। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद से लगातार थाना केमरी पुलिस से गुहार लगाई जा रही है, लेकिन अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।

पीड़िता के पिता रामसुमर कश्यप द्वारा एसओ केमरी तथा पुलिस अधीक्षक रामपुर को कई बार प्रार्थना पत्र दिए जाने के बावजूद भी मुकदमा दर्ज न होने से परिजन बेहद आहत और परेशान हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
मण्डल अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तीन दिन के भीतर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू नहीं की गई तो पार्टी द्वारा बरेली स्थित एडीजी कार्यालय पर ज्ञापन देकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

ज्ञापन देने वालों में ठाकुर मंजु राठौर, धर्मेंद्र कश्यप, राकेश श्रीवास्तव, आँचल कश्यप, डॉ. कृपाल सिंह तुरैहा, रामसुमर कश्यप और उत्तम तुरैहा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
