देश की राजधानी नई दिल्ली में संभावित आतंकी खतरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। खुफिया जानकारी के मुताबिक आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा लाल किला और चांदनी चौक के आसपास IED धमाके की साजिश रच सकता है। आशंका है कि इस इलाके के एक प्रमुख मंदिर को निशाना बनाया जा सकता है।
इन इनपुट्स के बाद दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने लाल किला, चांदनी चौक और आसपास के धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि 6 फरवरी को इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुए धमाके के बाद भारत में भी किसी बड़ी वारदात की आशंका जताई गई है।
गौरतलब है कि 10 नवंबर 2025 को लाल किले के पास खड़ी एक कार में विस्फोट हुआ था, जिसमें कई लोग हताहत हुए और कई वाहन जल गए थे। इस घटना के बाद देशभर में जांच एजेंसियों ने छापेमारी कर कई लोगों को गिरफ्तार किया था।
वहीं पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के शहजाद टाउन इलाके में स्थित टेरलाई इमाम बारगाह में जुमे की नमाज के दौरान आत्मघाती हमला हुआ था, जिसमें कई लोगों की मौत और कई घायल हुए थे।
