मुरादाबाद। रविवार को पंचायत भवन, मुरादाबाद में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें इलाहाबाद उच्च न्यायालय के माननीय न्यायाधीश न्यायमूर्ति नीरज तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में पधारे। उनके आगमन पर जिला जज मुरादाबाद, मंडलायुक्त आञ्जनेय कुमार सिंह, जिलाधिकारी अनुज सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर औपचारिक स्वागत किया। पुलिस बल द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान कर सम्मानपूर्वक सलामी दी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय न्यायमूर्ति द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का विधिवत उद्घाटन किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि न्याय केवल अदालतों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विधिक सहायता और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना भी न्याय व्यवस्था की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से आमजन को सरल, सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को विधिक परामर्श, पेंशन, सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल कल्याण, राजस्व, श्रम तथा अन्य शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं से जोड़ा गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को आवास स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को भी स्वीकृति पत्र एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति एवं सामाजिक जागरूकता पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। माननीय अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर न्यायिक अधिकारीगण, प्रशासनिक अधिकारी, अधिवक्ता, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
