मुरादाबाद। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार कृषकों की समस्याओं के समाधान एवं फीडबैक प्राप्त करने के उद्देश्य से उप संचालक चकबन्दी ओमप्रकाश अंजोर द्वारा तहसील ठाकुरद्वारा के ग्राम चटकाली में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने अवगत कराया कि ग्राम चटकाली में धारा-9 का प्रकाशन पूर्व में ही किया जा चुका है। इस अवसर पर सहायक चकबन्दी अधिकारी को निर्देशित किया गया कि धारा-9 के अंतर्गत लंबित वादों—जैसे निर्विवाद विरासत एवं बैनामा—का निस्तारण ग्राम स्तर पर ही बैठकर कृषकों की सहमति एवं आपसी समझौते के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, जिन प्रकरणों में विवाद की स्थिति हो, उन्हें तत्काल चकबन्दी अधिकारी को विधिक निस्तारण हेतु संदर्भित किया जाए।

चकबन्दीकर्ता एवं चकबन्दी लेखपाल को निर्देश दिए गए कि वे ग्राम में ही रहकर सभी कृषकों को आकार पत्र-5 के संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि किसान दस्तावेज को भली-भांति समझकर यदि कोई आपत्ति हो तो समय से प्रस्तुत कर सकें। चौपाल में उपस्थित किसानों को बताया गया कि धारा-9 के प्रकाशन के उपरांत उन्हें जो आकार पत्र-5 वितरित किया गया है, उसकी सावधानीपूर्वक जांच करें। यदि किसी प्रविष्टि में त्रुटि पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध चकबन्दी अधिकारी के न्यायालय में विधिवत आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।

अंत में कृषकों को आश्वस्त किया गया कि उनके ग्राम में उच्चाधिकारियों का भ्रमण कार्यक्रम निरंतर जारी रहेगा तथा उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
