मुरादाबाद। आगामी होली पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना भोजपुर परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह ने की। इस दौरान उन्होंने होली जुलूस आयोजकों, होलिका समिति के पदाधिकारियों, डीजे संचालकों, शांति समिति के सदस्यों एवं थाना पुलिस के साथ विस्तृत चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में क्षेत्राधिकारी ने कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इसे परंपरागत उल्लास के साथ मनाया जाए, लेकिन कानून व्यवस्था और प्रशासनिक निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूस निर्धारित मार्ग और समय के अनुसार ही निकाले जाएं तथा बिना अनुमति किसी भी प्रकार का कार्यक्रम आयोजित न किया जाए।

डीजे संचालकों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर ही साउंड सिस्टम का उपयोग करें। किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक गीत, नारे या भड़काऊ गतिविधियों से बचने की हिदायत दी गई। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने कहा कि पुलिस प्रशासन त्योहार के दौरान पूरी तरह मुस्तैद रहेगा। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा तथा लगातार गश्त की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की सूचना या विवाद की स्थिति में तुरंत पुलिस को अवगत कराएं।
बैठक में कस्बा चौकी इंचार्ज जुगेन्द्र तेवतिया, उपनिरीक्षक माही अब्बास, कुलदीप, अमजद चौधरी, नीरज, चेयरमैन पुत्र अर्शमान, प्रधान प्रतिनिधि पंकज, प्रधान नवाब अली, सभासद तौकीर कुरैशी, सभासद यासीन मलिक, सभासद ताहिर हुसैन, पूर्व सभासद अशफाक खां, सभासद प्रतिनिधि इस्तेकार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अंत में सभी उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और क्षेत्र में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।
