मुरादाबाद। थाना भोजपुर क्षेत्र से एक नाबालिग छात्रा के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले को लेकर क्षेत्र में चिंता का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना भोजपुर के एक गांव निवासी पिता ने अपनी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी 23 फरवरी 2026 की सुबह लगभग 9 बजे घर से स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की। दोपहर करीब एक बजे गांव के ही एक व्यक्ति ने परिजनों को सूचना दी कि कथित रूप से डिलारी थाना अंतर्गत ग्राम कांकर खेड़ा निवासी फास्ट फूड का काम करने वाला युवक अरुण, अपने दो अज्ञात साथियों के साथ कार से छात्रा को लेकर गया है।
तहरीर में पिता ने आरोप लगाया है कि संबंधित युवक उनकी बेटी को जबरन अपने साथ ले गया। उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में उन्होंने आरोपी के परिजनों से बातचीत की, जहां आश्वासन दिया गया कि लड़की को वापस कर दिया जाएगा, लेकिन देर रात तक वह घर नहीं लौटी। इसके बाद उन्होंने थाना भोजपुर पहुंचकर लिखित शिकायत दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक जॉनसन कुमार को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि छात्रा की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है तथा सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद भी ली जा रही है।
थाना पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले में सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर शीघ्र आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिजनों ने प्रशासन से बेटी को सकुशल बरामद करने की गुहार लगाई है।
