मुरादाबाद। विपिन कुमार लोहिया (डिजाइनको संस्थान, मुरादाबाद) के निधन से शहर में शोक की लहर फैल गई है। उनके आकस्मिक देहावसान की सूचना मिलते ही परिजनों, मित्रों, सहयोगियों और शुभचिंतकों में गहरा दुःख व्याप्त हो गया। विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक एवं व्यावसायिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उनके निवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

स्वर्गीय लोहिया जी अपने सरल स्वभाव, सौम्य व्यवहार और समाज के प्रति समर्पित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते थे। डिजाइनको संस्थान के माध्यम से उन्होंने अनेक युवाओं को मार्गदर्शन दिया और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी। उनके निधन को शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि विपिन कुमार लोहिया जी एक सज्जन, कर्मठ और समाजहित में निरंतर कार्य करने वाले व्यक्तित्व थे। उनका निधन न केवल परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

विधायक के बड़े पुत्र नित्यानंद उर्फ गौरव ठाकुर अंतिम संस्कार में शामिल हुए और परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
अंतिम संस्कार के दौरान उपस्थित लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। शोकसभा में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
