मुरादाबाद। सिविल लाइंस क्षेत्र में एक महिला के साथ मकान विक्रय के नाम पर बड़ी धनराशि हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद समेत कुल पांच लोगों के विरुद्ध धोखाधड़ी और धमकी देने के आरोप में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
मझोला थाना क्षेत्र के लाकड़ी फाजलपुर नया गांव की निवासी ज्योति शर्मा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रेषित प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने आशियाना-2 एमडीए कॉलोनी स्थित मकान संख्या ए-2/103 खरीदने के लिए अतुल कुमार वर्मा, शुभम वर्मा और श्रद्धा वर्मा से सौदा तय किया था। आरोप है कि संपत्ति हस्तांतरण के नाम पर उनसे विभिन्न तिथियों में कुल 1 करोड़ 17 लाख रुपये लिए गए।
शिकायत के अनुसार, 17 जनवरी 2025 को भारतीय स्टेट बैंक की लाजपत नगर शाखा स्थित खाते में 25 लाख रुपये स्थानांतरित किए गए। इसमें 3 लाख रुपये चेक के माध्यम से और 22 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए थे। बताया गया कि सौदे के समर्थन में एक पंजीकृत एग्रीमेंट भी कराया गया था।
आरोप है कि इसके बाद भी अलग-अलग किस्तों में 6 लाख, 7 लाख, 3 लाख, 3 लाख, 1.5 लाख, 50 हजार, 20 हजार, 9.61 लाख, 19.29 लाख (चेक द्वारा), 14 लाख (चेक द्वारा), 1 लाख और 10 हजार रुपये दिए गए। इसके अतिरिक्त 5,28,500 रुपये का स्टांप शुल्क भी अदा किया गया।
पीड़िता का कहना है कि 26 दिसंबर 2025 को रजिस्ट्री कार्यालय में बैनामा तैयार कराया गया और दस्तावेजों पर हस्ताक्षर व अंगूठा निशान भी लगवाए गए, लेकिन पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही आरोपी वहां से चले गए। बाद में जब उन्होंने रकम वापसी या विधिवत रजिस्ट्री की मांग की, तो कथित तौर पर अतिरिक्त धनराशि की मांग की गई और विरोध करने पर गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी दी गई। महिला ने बताया कि उन्होंने यह धनराशि अपने आभूषण बेचकर और परिजनों से उधार लेकर जुटाई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिविल लाइंस थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में दस्तावेजों और बैंक लेनदेन की जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
