मुरादाबाद/ठाकुरद्वारा। चकबन्दी आयुक्त के निर्देशों के क्रम में कृषकों का फीडबैक प्राप्त कर उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु ग्राम चौपालों का आयोजन किया गया। इस क्रम में बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी राजेन्द्र राम द्वारा तहसील मुरादाबाद के ग्राम रफातपुर, चकबन्दी अधिकारी प्रथम योगेन्द्र कुमार द्वारा तहसील ठाकुरद्वारा के ग्राम रहटामाफी ऐहतमाली तथा चकबन्दी अधिकारी तृतीय विनय कुमार श्रीवास्तव द्वारा ग्राम कांकरखेड़ा में चौपाल आयोजित कर किसानों की समस्याएं सुनी गईं।
ग्राम रफातपुर में अधिकारियों ने जानकारी दी कि माह अप्रैल में कब्जा परिवर्तन की कार्यवाही प्रारम्भ की जाएगी। सीमांकन की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत किसानों को नवसृजित चकों पर विधिवत कब्जा दिलाया जाएगा।

वहीं ग्राम रहटामाफी ऐहतमाली एवं कांकरखेड़ा में धारा-9 का प्रकाशन हो चुका है और चकबन्दी अधिकारी स्तर पर धारा-9 से संबंधित वादों की सुनवाई एवं निस्तारण की प्रक्रिया गतिमान है। चौपाल के दौरान उपस्थित कृषकों के समक्ष उनके द्वारा दायर वादों की सुनवाई की गई तथा अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
अधिकारियों ने अधीनस्थ चकबन्दी कर्मचारियों को निर्देशित किया कि ग्राम में लंबित निर्विवाद बिरासत एवं बैनामों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए, जिससे किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

कृषकों को आश्वस्त किया गया कि उनके ग्रामों में उच्चाधिकारियों का भ्रमण कार्यक्रम निरंतर जारी रहेगा और समस्याओं के समाधान के लिए विभाग प्रतिबद्ध है।
