मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से आई उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के साथ संवाद बैठक आयोजित की गई।
बैठक में महिलाओं द्वारा संचालित विभिन्न व्यवसायों पर विस्तार से चर्चा की गई। उनके कार्यों, उपलब्धियों, कार्य निष्पादन में आ रही बाधाओं तथा संभावित समाधानों पर गंभीरता से विचार-विमर्श हुआ।
मुख्य विकास अधिकारी ने सजावटी आइटम, ज्वेलरी एवं डेकोरेशन से जुड़े समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों का अवलोकन करते हुए उनकी गुणवत्ता और नवाचार की सराहना की। उन्होंने उपायुक्त स्वतः रोजगार एवं जिला मिशन प्रबंधक को निर्देश दिए कि समूहों के उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री की संभावनाओं का परीक्षण किया जाए तथा जनपद में विक्रय हेतु उपयुक्त स्थलों को चिन्हित किया जाए।
डेयरी उद्योग से जुड़ी महिलाओं को सुझाव दिया गया कि केवल दूध की सीधी बिक्री के बजाय दुग्ध का वैल्यू एडिशन कर घी, पनीर, दही जैसे उत्पाद तैयार कर विपणन किया जाए, जिससे आय में वृद्धि संभव हो सके। टॉयलेट क्लीनिंग लिक्विड, कीटाणुनाशक द्रव्य और साबुन निर्माण से जुड़े समूहों के संबंध में निर्देशित किया गया कि निर्माण की पत्रावली प्रस्तुत की जाए तथा जनपद के सामुदायिक शौचालय परिसरों में इन उत्पादों की आपूर्ति की प्रक्रिया तय करने पर विचार किया जाए।

बैठक में ठाकुरद्वारा विकासखंड की श्रीमती गार्गी चौहान ने मशरूम उत्पादन एवं अन्य महिलाओं को इस कार्य से जोड़ने के प्रयासों की जानकारी दी। श्रीमती रूपेश रानी ने अपनी दुकान को मॉडल प्रेरणा कैंटीन के रूप में चयनित कर उच्चीकृत करने का अनुरोध रखा। वहीं श्रीमती मनजीत कौर द्वारा स्थापित सोलर आटा चक्की के संबंध में मुख्य विकास अधिकारी ने खाद्य सुरक्षा प्रमाणपत्र प्राप्त कराने तथा मिड डे मील सहित अन्य शासकीय संस्थानों में आटा आपूर्ति की संभावनाओं पर कार्यवाही के निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न विकासखंडों से श्रीमती रेनू यादव, अरमाना खान, पुष्पा, रामरति, पिंकी, सावित्री देवी, अखिलेश, सोनी, चंचल सहित 25 से अधिक स्वयं सहायता समूह सदस्यों ने प्रतिभाग किया।
अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा व्यक्त की कि वे अपने व्यवसायों को और सुदृढ़ करें तथा गुणवत्ता, नवाचार और विपणन पर विशेष ध्यान दें।
