मुरादाबाद। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर चल रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान देर रात एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसकी पहचान अभिषेक माली के रूप में हुई, जिसने ट्रेनों और प्लेटफॉर्म की भीड़ का फायदा उठाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
जीआरपी के मुताबिक 10 जनवरी को ट्रेन संख्या 14311 आला हजरत एक्सप्रेस से दिल्ली जा रहे एक यात्री का वीवो वाई-58 मोबाइल मुरादाबाद स्टेशन पर चोरी हो गया था। इस मामले में मुकदमा संख्या 17/26 धारा 305 बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था।
इसके अलावा 1 जनवरी को ट्रेन संख्या 65306 रामनगर-मुरादाबाद मेमू में काशीपुर से मुरादाबाद के बीच अलीगंज रेलवे हाल्ट के पास एक यात्री का पर्स पार कर लिया गया था। पर्स में करीब 10 हजार रुपये नकद के साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, डेबिट कार्ड और बाइक की आरसी जैसे जरूरी दस्तावेज रखे थे। इस घटना में मुकदमा संख्या 06/26 धारा 305 बीएनएस के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जानबूझकर भीड़भाड़ वाले डिब्बों और प्लेटफॉर्म को निशाना बनाता था और मौका मिलते ही यात्रियों के मोबाइल और पर्स उड़ा देता था। चोरी किए गए मोबाइल फोन को वह आगे बेचकर नकदी हासिल कर लेता था। जीआरपी ने उसके कब्जे से चोरी का मोबाइल फोन और कुछ नकदी भी बरामद की है।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। प्रारंभिक जांच में उसके खिलाफ चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। जीआरपी ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए स्टेशन और ट्रेनों में चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
