मुरादाबाद। चकबंदी आयुक्त के निर्देशों के अनुपालन में कृषकों का फीडबैक प्राप्त कर उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से उप संचालक चकबंदी ओमप्रकाश अंजोर द्वारा तहसील ठाकुरद्वारा के ग्राम बढ़ेरा में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में उपस्थित किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया गया।
ग्राम बढ़ेरा में धारा-10 का प्रकाशन हो चुका है। इस दौरान कृषक अहमद हसन ने विरासत संबंधी शिकायत प्रस्तुत की, जबकि मौहम्मद आसिम एवं मौहम्मद अल्ताफ ने बैनामा दाखिल-खारिज को लेकर समस्या रखी। मौके पर मौजूद सहायक चकबंदी अधिकारी द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों बैनामों का दाखिल-खारिज सुनिश्चित कराया गया।
अहमद हसन की विरासत संबंधी शिकायत की जांच में पाया गया कि आपत्ति प्रस्तुत करने की निर्धारित अवधि अभी पूर्ण नहीं हुई है। इस पर सहायक चकबंदी अधिकारी को निर्देशित किया गया कि समयावधि पूर्ण होते ही विरासत का दाखिल-खारिज सुनिश्चित किया जाए।
कृषक शमशाद और इरफान ने विभाजन में त्रुटि होने की बात कही, जिस पर चकबंदी अधिकारी को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए। चकबंदी अधिकारी ने आश्वासन दिया कि होली पर्व के तुरंत बाद ग्राम में बैठक कर संबंधित वादों का निस्तारण किया जाएगा।
कृषक अफसर अली ने शिकायत की कि सर्वे में उनका रकबा कम दर्ज किया गया है। शिकायत पर तत्काल उनके खेत की पैमाइश कराई गई। जांच में पाया गया कि मौके पर खेत का रकबा सर्वे अभिलेखों के अनुरूप ही है। आसपास के गाटों की भी नाप कराई गई, जिनका क्षेत्रफल भी सर्वे के अनुसार पाया गया। इस कार्रवाई से कृषक अफसर अली संतुष्ट दिखाई दिए।
चौपाल के अंत में किसानों को अवगत कराया गया कि चकबंदी से संबंधित किसी भी समस्या के लिए वे व्यक्तिगत रूप से अथवा दूरभाष के माध्यम से उप संचालक चकबंदी/बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी से संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन द्वारा किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्परता से कार्य किए जाने का भरोसा भी दिलाया गया।
