मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्यों को चिन्हित कर उन्हें प्रोत्साहित करने की ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि अच्छे अध्यापकों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों को सम्मानित करने से शिक्षा के स्तर में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और शैक्षणिक वातावरण बेहतर होगा।
डीएम ने ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के अंतर्गत लंबित कार्यों को आगामी दो माह के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता किसी भी स्थिति में अधूरी नहीं रहनी चाहिए।

मध्याह्न भोजन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने शहरी क्षेत्रों में एनजीओ के माध्यम से हो रही आपूर्ति के स्थान पर ग्रामीण क्षेत्रों की तर्ज पर विद्यालय स्तर पर ही भोजन तैयार कराने के संबंध में पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति जानी। उन्होंने कहा कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार सभी विद्यालयों में नियमित रूप से मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों में पर्याप्त स्थान उपलब्ध है, वहां मिड डे मील शेड का निर्माण कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में भोजन मिल सके।नए शैक्षिक सत्र की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी बच्चों को समय से पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं और इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विमलेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक कुमार शर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी अजय सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
