मुरादाबाद। राष्ट्रीय पर्व होली समिति के तत्वावधान में रंग एकादशी के अवसर पर गुरुवार को शहर में भव्य एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली गई। वर्षों पुरानी परंपरा के तहत आयोजित इस शोभायात्रा में नगर विधायक रितेश गुप्ता, श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिरस और होली के रंगों से सराबोर हो उठा।

शोभायात्रा का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। यात्रा निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए शहर के प्रमुख इलाकों तक पहुंची। बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच निकली इस यात्रा में आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। भगवान श्रीकृष्ण की फूलों वाली होली, शिव-पार्वती, गणेश, राम दरबार सहित विभिन्न धार्मिक प्रसंगों की सजीव झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

यात्रा मार्ग पर कई सामाजिक संगठनों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों द्वारा स्वागत मंच बनाए गए थे। श्रद्धालुओं पर फूल बरसाए गए और गुलाल उड़ाकर होली का उल्लास व्यक्त किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र पुलिस बल भी मुस्तैद रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

समिति पदाधिकारियों ने बताया कि यह शोभायात्रा शहर की सबसे पुरानी परंपराओं में से एक है, जिसकी शुरुआत वर्ष 1939 में हुई थी। तब से लेकर आज तक यह परंपरा निरंतर जारी है और हर वर्ष रंग एकादशी पर नगरवासियों को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करती है।

कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे शहर में दिनभर होली के रंग और भक्तिभाव का अद्भुत संगम देखने को मिला।
