मुरादाबाद। शहर में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। थाना नागफनी थाना क्षेत्र के बंगला गांव चौराहे के पास अज्ञात हमलावरों ने प्रसिद्ध बेकरी व्यवसायी मोहम्मद असद की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब वह रोजा इफ्तार के बाद तरावीह की नमाज अदा करने जा रहे थे।
जिगर कॉलोनी निवासी असद ‘अलविना बेकरी’ नाम से कारोबार संचालित करते थे और शहर में उनकी कई शाखाएं बताई जाती हैं। बताया गया कि वह अपने साले मजाहिर के साथ स्कूटी से लाल मस्जिद की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे बंगला गांव चौराहे के निकट पहुंचे, पीछे से बाइक पर सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगते ही असद सड़क पर गिर पड़े और क्षेत्र में अफरातफरी मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे संपत्ति विवाद की बात सामने आ रही है। परिजनों का आरोप है कि असद का अपने साले जफर से मकान को लेकर विवाद चल रहा था। जफर को हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। वारदात में उसके बेटे सैफुल और दामाद फैजान की संलिप्तता की भी आशंका जताई जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं नगर पुलिस अधीक्षक कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक संपत्ति विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

पुलिस घटना के प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। ज्ञात हुआ कि बेकरी संचालक की बेटी आसमा सुल्तान और दामाद जलकर नैन आलम जज हैं। आसमा सुल्तान बुलंदशहर में तैनात बताई जा रही है।
