मुरादाबाद। प्रशासन की कड़ी निगरानी और व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के बीच होलिका दहन का पर्व शांतिपूर्ण और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। महानगर के विभिन्न क्षेत्रों, गली-मोहल्लों और कॉलोनियों में निर्धारित शुभ मुहूर्त पर विधि-विधान के साथ होलिका प्रज्ज्वलित की गई।
त्योहार को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पहले से ही सतर्क था। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। अधिकारियों द्वारा लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। कई स्थानों पर पुलिस ने पैदल गश्त कर लोगों से संवाद किया और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

शाम ढलते ही शहर के विभिन्न इलाकों में श्रद्धालुओं की भीड़ होलिका दहन स्थलों पर उमड़ पड़ी। कांठ रोड स्थित मधुबनी कॉलोनी में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। होलिका दहन के दौरान लोगों ने परिक्रमा कर गेहूं की बालियां और अन्य सामग्री अग्नि में अर्पित की।
नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों की ओर से साफ-सफाई और अग्नि सुरक्षा के भी पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। अग्निशमन विभाग की टीमें भी सतर्क रहीं, ताकि किसी आकस्मिक स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

प्रशासन की सतर्कता और आमजन के सहयोग से पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। अधिकारियों ने नागरिकों को होली के रंगों के त्योहार को भी प्रेम, भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है।
