अमरोहा। जनपद में प्रतिबंधित गोकशी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला रविवार सुबह बछरायूं थाना क्षेत्र के गांव लिसड़ी-ढ्यौटी के जंगल से सामने आया, जहां गोवंश की निर्मम हत्या के बाद उसके अवशेष मिलने से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने मंडी धनौरा-शेरपुर मार्ग पर जाम लगाकर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

सूचना के अनुसार रविवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तभी मंडी धनौरा-शेरपुर रोड के किनारे तालाब के पास गोवंश के सिर, पैर और अन्य अवशेष पड़े दिखाई दिए। यह खबर गांव में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। गोवंश की हत्या की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि जिले में प्रतिबंधित गोकशी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन पुलिस की सख्ती के अभाव में यह धंधा थम नहीं रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन की ढिलाई के कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं, जिससे क्षेत्र की सामाजिक और धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।

मामले की सूचना मिलते ही बछरायूं थाना पुलिस और मंडी धनौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस क्षेत्राधिकारी भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली नोकझोंक के बाद पुलिस ने लोगों को शांत कराया और जाम खुलवाया।
पुलिस ने ग्रामीणों की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटनास्थल से बरामद अवशेषों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
