मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माण परियोजनाओं की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता को लेकर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए और लापरवाही बरतने पर नाराजगी भी जताई।
बैठक के दौरान उद्यान अधिकारी के अनुपस्थित रहने और उनकी जगह उद्यान निरीक्षक के उपस्थित होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने तुरंत उद्यान निरीक्षक को बैठक से बाहर जाने के निर्देश दिए और उद्यान अधिकारी को तत्काल बैठक में उपस्थित होने को कहा।

जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। यदि किसी भी परियोजना में कार्य की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्य को दोबारा कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्यों की थर्ड पार्टी द्वारा उपकरणों के साथ मौके पर जाकर जांच कराई जाएगी और उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि 5 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले प्रत्येक प्रोजेक्ट की गुणवत्ता जांच के लिए नियमानुसार आवश्यक लैब की व्यवस्था भी की जाए।
समीक्षा के दौरान यूपीसीएलडीएफ द्वारा राजकीय प्रक्षेत्र रौंडा के सुदृढ़ीकरण कार्य की प्रगति 70 प्रतिशत पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कार्य में तेजी लाकर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं राजकीय प्रक्षेत्र पंडितपुर का कार्य पिछले महीने पूर्ण होने का आश्वासन देने के बावजूद 85.33 प्रतिशत ही होने पर उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए कार्य को समय से पूरा कर हैंडओवर करने को कहा।

राजकीय पौधशाला फहेलउल्लागंज के सुदृढ़ीकरण कार्य की प्रगति 88.35 प्रतिशत होने और कार्य पूर्ण होने की तिथि 31 जनवरी 2026 बीत जाने के बावजूद काम अधूरा रहने पर भी जिलाधिकारी ने जल्द से जल्द कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा ठाकुरद्वारा स्थित कस्तूरबा बालिका विद्यालय में बन रहे एकेडमिक ब्लॉक और छात्रावास भवन की प्रगति 45 प्रतिशत पाए जाने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को अपने जेई से समन्वय कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम द्वारा बिलारी में बन रहे ग्रामीण स्टेडियम और ओपन जिम के निर्माण कार्य की प्रगति 78.1 प्रतिशत होने पर जिलाधिकारी ने 31 मार्च 2026 तक इसे पूरा कर हैंडओवर करने के निर्देश दिए। गन्ना किसान संस्थान प्रशिक्षण केंद्र के प्रशासनिक भवन, छात्रावास और अन्य भवनों के निर्माण कार्य में 84.46 प्रतिशत प्रगति पर भी उन्होंने कार्य में तेजी लाने को कहा।
बैठक में मुरादाबाद वाटर सप्लाई स्कीम, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने का कार्य, उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय के भवन निर्माण, डॉ. भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी के भवन निर्माण, ऊपरिगामी सेतु, मूंढापांडे में आईटीआई भवन निर्माण, आसरा योजना के अंतर्गत भवन निर्माण, नगर निगम द्वारा वर्किंग वूमेन हॉस्टल, राजकीय इंटर कॉलेज में मिनी स्टेडियम तथा लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से राजकीय इंटर कॉलेज में बन रहे मिनी स्टेडियम को तकनीकी मानकों के अनुरूप तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, जिला विकास अधिकारी जी.बी. पाठक, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
