मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने विभिन्न मामलों को लेकर अपनी शिकायतें प्रस्तुत कीं, जिन पर एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध समाधान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन का पुलिस प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो सके।

एसएसपी सतपाल अंतिल ने सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनसुनवाई व्यवस्था और महिला हेल्पडेस्क को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों और शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से थाने से पुलिस कार्यालय तक बार-बार आने की आवश्यकता न पड़े, इसके लिए थाना स्तर पर ही समस्याओं का समाधान करने की व्यवस्था मजबूत की जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन मामलों का निस्तारण थाना स्तर पर ही संभव है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर वहीं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निपटाया जाए। साथ ही जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पारदर्शिता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

एसएसपी ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि आम नागरिकों को त्वरित न्याय और सुरक्षा का भरोसा मिले तथा उनकी समस्याओं का समाधान समय पर हो सके।
