मुरादाबाद। जनपद के थाना मझोला क्षेत्र में एक युवती के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और बाद में जबरन गर्भपात कराने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार थाना मझोला क्षेत्र के ग्राम गागन नया गांव निवासी 22 वर्षीय युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पाकबड़ा थाना क्षेत्र के हाशमपुर चौराहा निवासी नदीम (19 वर्ष) पुत्र जाहिर से उसका प्रेम संबंध था। युवती का आरोप है कि नदीम ने उससे शादी का वादा किया और इसी भरोसे में उसने कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता के मुताबिक कुछ समय बाद वह गर्भवती हो गई। आरोप है कि यह बात सामने आने पर नदीम ने उसे जबरन दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। इसके बाद जब युवती ने उससे शादी करने के लिए कहा तो आरोपी ने साफ तौर पर शादी से इंकार कर दिया।
युवती का यह भी आरोप है कि जब उसने इस मामले में कार्रवाई कराने की बात कही तो आरोपी ने उसे गोली मारकर जान से खत्म करने की धमकी दी। धमकी से सहमी युवती ने अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
इसके बाद परिजन युवती को लेकर पाकबड़ा थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी नदीम के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
