मुरादाबाद। आर.के. आई.टी.आई. नानपुर में टीएमयू हॉस्पिटल एवं एक्सप्रेशन ऑफ इंडिया, मुरादाबाद के संयुक्त तत्वावधान में एक निःशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कुंदरकी से भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे और उन्होंने कैंप में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है, और समाज के हर वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के निःशुल्क मेडिकल कैंप ग्रामीण और जरूरतमंद लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होते हैं, क्योंकि इससे उन्हें विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श और उपचार की सुविधा मिलती है।

मेडिकल कैंप में विधानसभा क्षेत्र कुंदरकी और आसपास के गांवों से आए सैकड़ों लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। कैंप में दंत रोग, नेत्र रोग, जनरल मेडिसिन, त्वचा रोग तथा नाक, कान और गला रोग से संबंधित विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया।

इसके साथ ही जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने टीएमयू हॉस्पिटल और एक्सप्रेशन ऑफ इंडिया की पूरी टीम को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि समाज सेवा के ऐसे प्रयास लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम करते हैं।

इस अवसर पर प्रमुख समाजसेवी एवं निर्यातक राहुल सिंह, राजेश रस्तोगी, सेवा भारती संस्था के प्रबंधक अशोक सिंघल, आर.के. आई.टी.आई. के प्रबंधक रजत सिंघल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने भी बड़ी संख्या में भाग लेकर आयोजन की सराहना की।
