मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुज सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस लाइन सभागार में गोष्ठी आयोजित कर आगामी 14 मार्च 2026 और 15 मार्च 2026 को होने वाली उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के लिए तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में परीक्षा के दौरान कानून व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था तथा परीक्षार्थियों की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की कोशिश को सख्ती से रोका जाए। साथ ही केंद्रों के आसपास भीड़भाड़ और अनावश्यक गतिविधियों पर नियंत्रण रखा जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए विस्तृत सुरक्षा योजना तैयार की गई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल के साथ-साथ खुफिया इकाइयों को भी सक्रिय रखा जाएगा। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा अफवाहों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों की सघन चेकिंग की जाए और प्रतिबंधित सामग्री जैसे मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण आदि को अंदर ले जाने की अनुमति न दी जाए। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशासन ने यह भी तय किया कि परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा, ताकि परीक्षार्थियों को केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा कर परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ सम्पन्न कराया जाएगा।
