मुरादाबाद। जनपद के मूंढापांडे थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर मंगलवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बहराइच से मेरठ जा रही बारातियों से भरी एक प्राइवेट बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। हादसे के बाद बस में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दुर्घटना में कुल छह लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार बहराइच से एक बारात मेरठ के लिए रवाना हुई थी। बारातियों को लेकर जा रही प्राइवेट बस जैसे ही रामपुर पार कर मूंढापांडे थाना क्षेत्र के दिल्ली-लखनऊ हाईवे स्थित गणेश घाट के पास पहुंची, तभी आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। अचानक ब्रेक लगने से बस चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया और तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर ट्रक में पीछे से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में बैठे बाराती अपनी सीटों से उछल पड़े और बस के अंदर हाहाकार मच गया। हादसे में चार लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया।
पुलिस ने घायलों को तुरंत पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां दो गंभीर घायलों को भर्ती कर उनका उपचार कराया जा रहा है। वहीं बाकी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
हादसे के कारण कुछ देर के लिए दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू कराया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। वहीं बस चालक ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हाईवे से हटवाया।
पुलिस के अनुसार बस को क्रेन की सहायता से हटाने के बाद आगे की कार्रवाई करते हुए उसे वापस बहराइच के लिए रवाना कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
