अमरोहा। जनपद में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर उठ रही चर्चाओं के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में घरेलू गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है। जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स ने आमजन से अपील की है कि वे भ्रामक खबरों और अफवाहों पर विश्वास न करें तथा गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ लगाने से बचें।
जिला पूर्ति अधिकारी रीना कुमारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी असाधारण गजट दिनांक 9 मार्च 2026 के तहत प्राकृतिक गैस (आपूर्ति विनियमन) आदेश, 2026 लागू किया गया है। इसके तहत जनपद की सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि गैस कनेक्शनधारकों को 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने बताया कि जनपद अमरोहा में घरेलू सामान्य गैस सिलेंडर और उज्ज्वला योजना के कुल 4,57,808 उपभोक्ता हैं और वर्तमान में जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए 25 दिन की बुकिंग अवधि के बाद शत-प्रतिशत ओटीपी के माध्यम से गैस सिलेंडर की डिलीवरी कराई जा रही है।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने सभी एलपीजी विक्रय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि जनपद में गैस सिलेंडरों की किसी भी प्रकार की जमाखोरी या कालाबाजारी न होने दी जाए। यदि ऐसी कोई शिकायत प्राप्त होती है तो जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा गैस संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए जिला पूर्ति कार्यालय में एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। उपभोक्ता किसी भी समस्या के लिए दूरभाष नंबर 05922-297122 पर संपर्क कर सकते हैं।
