मुरादाबाद। थाना मूंढापांडे क्षेत्र में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बदायूं से चोरी की गई एक स्विफ्ट डिजायर कार को कुछ ही घंटों में बरामद कर लिया। यह कार्रवाई मूंढापांडे की पीआरवी 5896 की टीम ने सटीक सूचना के आधार पर की।

जानकारी के अनुसार बदायूं में तैनात सब-इंस्पेक्टर आदेश कुमार राणा ने मूंढापांडे पुलिस को सूचना दी थी कि चोरी की गई कार मूंढापांडे क्षेत्र के नियामतपुर इकरोटिया टोल प्लाजा से गुजरने वाली है। सूचना मिलते ही पीआरवी 5896 की टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी और संदिग्ध कार नंबर UP 25 HT 4637 को रोक लिया। पुलिस को देखते ही कार चालक वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार को कब्जे में ले लिया।

जांच के दौरान एक चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि आरोपी चालक चोरी की कार में बरेली से चार सवारियों को बुकिंग पर बैठाकर मोदीनगर जा रहा था, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने जब कार में सवार यात्रियों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वे फरीदपुर के रहने वाले हैं और मोदीनगर में नौकरी करते हैं। उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि जिस कार में वे सफर कर रहे हैं, वह चोरी की है। चालक ने उन्हें सामान्य टैक्सी की तरह बुकिंग पर बैठाया था।

पुलिस के अनुसार फिलहाल आरोपी चालक का नाम और पता अज्ञात है तथा उसकी तलाश की जा रही है। बरामद कार को कब्जे में लेकर संबंधित थाने में खड़ा करा दिया गया है और बदायूं पुलिस को भी पूरे मामले की सूचना दे दी गई है।
