मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शिक्षण संस्थानों के स्तर पर लंबित छात्रवृत्ति आवेदन पत्रों पर कार्रवाई को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रबंधकों और प्रतिनिधियों को अवगत कराया कि जनपद के कई कॉलेजों में छात्रवृत्ति के आवेदन लंबित होने के कारण जिले की रैंकिंग प्रभावित हो रही है।

जिलाधिकारी ने अलग-अलग कॉलेजों में बड़ी संख्या में छात्रवृत्ति आवेदन लंबित पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी संस्थानों को निर्देश दिया कि लंबित आवेदनों को तत्काल अग्रसारित किया जाए। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग के जिन छात्र-छात्राओं के आवेदन समय रहते अग्रसारित नहीं किए गए हैं, उनसे वार्ता की जाए और उनकी समस्याओं को समझा जाए।

उन्होंने कहा कि कई बार कॉलेजों को रिमाइंडर भेजने के बावजूद आवेदन अग्रसारित नहीं किए जा रहे हैं और संस्थानों द्वारा उन्हें अपने स्तर पर ही लंबित रखा जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने डिग्री कॉलेजों की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थानों का छात्रों के प्रति ऐसा रवैया बिल्कुल उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कॉलेज बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ न करें।

जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि जिन छात्र-छात्राओं के आवेदन अभी तक अग्रसारित नहीं किए गए हैं, उनसे व्यक्तिगत रूप से वार्ता की जाए और उनके बयान भी दर्ज किए जाएं। साथ ही जिन कॉलेजों में बड़ी संख्या में छात्रवृत्ति आवेदन लंबित पाए जाएंगे, उनकी मान्यता रद्द करने के लिए शासन को पत्र भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सभी कॉलेजों को निर्देशित किया कि जिन संस्थानों में छात्रवृत्ति आवेदनों की पेंडेंसी है, वे उसे तत्काल समाप्त करें और शत-प्रतिशत आवेदन अग्रसारित करना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग के जो छात्र आवेदन से वंचित रह गए हैं, उनसे बातचीत की जाए, जबकि अनुसूचित जाति के छात्रों के आवेदन समय से अग्रसारित किए जाएं।

बैठक में सुखदेई स्मारक महाविद्यालय ठाकुरद्वारा, महावीर कॉलेज वीजना, आईएफटीएम, केजीके कॉलेज, टीएमयू, अभय शिक्षा निकेतन कन्या कॉलेज, हबिट मुस्लिम कॉलेज, जेएम पब्लिक कॉलेज, बंशी सिंह मेमोरियल कॉलेज, मुरादाबाद मुस्लिम डिग्री कॉलेज, हरि मंगल विद्यालय सहित अन्य संस्थानों को निर्देश दिए गए कि छात्रवृत्ति आवेदनों की जो भी पेंडेंसी है, उसे आज ही निस्तारित कर अग्रसारित किया जाए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक तथा विभिन्न कॉलेजों के प्रबंधक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
