भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी BCCI ने बुधवार को IPL 2026 के पहले फेज का शेड्यूल जारी कर दिया है। इस फेज में कुल 20 मैच खेले जाएंगे और टूर्नामेंट की शुरुआत 28 मार्च, शनिवार से होने वाली है।
लेकिन सीजन के पहले ही मैच पर थोड़ा खतरा नजर आ रहा है। ये मुकाबला होगा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच, और ये मैच खेला जाएगा बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में।
BCCI ने शेड्यूल के साथ एक नोट भी जोड़ा है। इसमें कहा गया है कि बेंगलुरु में होने वाले मैच सिर्फ़ तभी होंगे जब कर्नाटक सरकार की बनाई विशेषज्ञ समिति से मंजूरी मिल जाएगी।
रिपोर्ट के अनुसार, ये समिति 13 मार्च को स्टेडियम का निरीक्षण करेगी और मैच के दिन की तैयारियों का मॉक ड्रिल भी करेगी। अगर मंजूरी मिल जाती है, तो RCB अपनी 5 घरेलू मैच बेंगलुरु में खेलेगी, जबकि बाकी टीम के 2 मैच रायपुर में होंगे।
याद दिला दें कि RCB ने पिछले सीजन यानी IPL 2025 में खिताब जीता था। लेकिन उस समय बेंगलुरु में जीत का जश्न बहुत भारी पड़ गया था। टीम की विजय परेड के दौरान स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 लोगों की जान चली गई थी और कई लोग घायल हुए थे।
इसी वजह से इस बार बेंगलुरु में मैच सिर्फ़ स्टेडियम की पूरी तैयारियों और विशेषज्ञ समिति की मंजूरी के बाद ही खेले जाएंगे।
