मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच भारत में एलपीजी को लेकर चिंता बढ़ गई है। देश के कई शहरों में कमर्शियल LPG सिलेंडर की कमी की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे कुछ जगहों पर अफरा-तफरी का माहौल भी देखा गया। कई शहरों में लोग पैनिक बाइंग कर रहे हैं और गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं।
सरकार ने इस स्थिति को देखते हुए घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने का फैसला किया है और रिफाइनरियों को LPG उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए एसेंशियल कमोडिटीज एक्ट के तहत कड़े कदम भी उठाए गए हैं।
पिछले कुछ दिनों से रेस्टोरेंट और होटलों को गैस सप्लाई में दिक्कत आने की खबरें भी सामने आई हैं। हॉस्पिटैलिटी एसोसिएशन के अनुसार मुंबई, बेंगलुरु और कोलकाता जैसे शहरों में कई होटल और रेस्टोरेंट को कमर्शियल सिलेंडर मिलने में परेशानी हो रही है, जिसके कारण कुछ जगहों पर मेन्यू कम करना या काम सीमित करना पड़ रहा है।
लखनऊ स्थित King George’s Medical University (KGMU) में गैस संकट का असर अब मरीजों के खाने तक पहुंच गया है। हालात ऐसे हो गए हैं कि जहां आम दिनों में मरीजों को दाल-सब्जी के साथ चार रोटियां दी जाती थीं, वहीं अब उन्हें सिर्फ दो रोटियों में ही गुजारा करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित होने से अस्पताल के किचन पर भी असर पड़ा है। इसी वजह से रोटियों की संख्या कम कर दी गई है और उसकी जगह चावल की मात्रा बढ़ा दी गई है।
हालांकि इस बदलाव के बाद कई मरीजों ने शिकायत की है कि उन्हें पहले के मुकाबले कम खाना मिल रहा है और उन्हें आधा पेट भोजन से ही संतोष करना पड़ रहा है।
हालांकि सरकार ने साफ किया है कि पूरे देश में घरेलू LPG की कोई कमी नहीं है। सरकार का कहना है कि सप्लाई को स्थिर रखने के लिए रिफाइनरियों में उत्पादन लगभग 10% तक बढ़ा दिया गया है। यह स्थिति मुख्य रूप से वेस्ट एशिया में बढ़े तनाव और ग्लोबल एनर्जी मार्केट में आई बाधाओं के कारण बनी है, जिसका असर फ्यूल लॉजिस्टिक्स पर पड़ा है।
सरकार ने यह भी कहा है कि घरेलू गैस की कमी को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की गलत जानकारी पर भरोसा न करें और न ही उसे आगे बढ़ाएं।
वहीं दूसरी ओर विपक्षी दलों, खासकर कांग्रेस के सांसदों ने LPG संकट को लेकर संसद परिसर में सुबह 10:30 बजे प्रदर्शन भी किया।
