मुरादाबाद। थाना भोजपुर क्षेत्र में एक परिवार पर जान से मारने की नियत से किए गए हमले के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में वादी के पिता, माता और बहन गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 04 फरवरी 2026 को थाना भोजपुर क्षेत्र के एक निवासी ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि कुछ लोगों ने उसके पिता, माता और बहन पर लाठी-डंडों और ईंटों से हमला कर दिया। हमलावरों की मंशा जान से मारने की थी, जिससे तीनों को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना भोजपुर पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 0070/2026 के तहत धारा 131 और 109(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मामले की गंभीरता को देखते हुए धारा 103(1) बीएनएस की भी वृद्धि कर दी गई।
जांच के क्रम में बुधवार को पुलिस ने रिंकू पुत्र जागन निवासी ग्राम बीजना, थाना भोजपुर, जनपद मुरादाबाद को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और यदि अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
