मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पुलिस ने लोगों को प्रेम जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने वाले एक शातिर हनी ट्रैप गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह की सरगना रेहाना समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चार महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। यह गैंग लोगों को मिलने के बहाने बुलाकर उनका आपत्तिजनक वीडियो बना लेता था और फिर उसे वायरल करने की धमकी देकर मोटी रकम वसूलता था।
पुलिस के मुताबिक इस गिरोह का शिकार बने एक युवक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे मिलने के लिए बुलाया गया, जहां पहले उसके साथ मारपीट की गई और फिर उसका वीडियो बना लिया गया। इसके बाद आरोपियों ने वीडियो वायरल करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर उससे पैसे की मांग शुरू कर दी। युवक से करीब 85 हजार रुपये वसूलने का मामला सामने आया है।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की गंभीरता से जांच की। जांच के दौरान सामने आया कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से लोगों को अपने जाल में फंसाता था। महिलाएं पहले संपर्क कर शिकार को तय जगह पर बुलाती थीं, जहां पहले से मौजूद गैंग के सदस्य वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करते थे।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गैंग की सरगना रेहाना समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से नकदी और कई मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिनमें ब्लैकमेलिंग से जुड़े सबूत होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और कई लोगों को अपना शिकार बना चुका हो सकता है। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनसे पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस गैंग ने अब तक कितने लोगों को अपने जाल में फंसाकर ब्लैकमेल किया है।
