मुरादाबाद। देश के करोड़ों किसानों को राहत देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 मार्च 2026 को असम के गुहाटी से प्रधानमंत्री किसान सम्मन निधि की 22वीं किस्त जारी की। इस दौरान पूरे देश के पात्र किसानों के बैंक खातों में सीधे धनराशि ट्रांसफर की गई, जिससे किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई।

इस अवसर पर जनपद मुरादाबाद में भी जिला स्तर से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्ट्रेट सभागार, सभी राजकीय कृषि बीज भंडारों, में कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया। इसके अलावा ग्राम पंचायतों के पंचायत भवनों पर भी किसानों और जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम को देखा और सुना।

जिला स्तर पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्षा डॉ. शेफाली सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत उप कृषि निदेशक संतोष कुमार द्विवेदी ने मुख्य अतिथि, अधिकारियों, कर्मचारियों, किसान भाइयों और पत्रकारों का स्वागत करते हुए की।

उप कृषि निदेशक ने बताया कि जनपद मुरादाबाद के 2,42,724 किसानों के खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त के रूप में कुल 48.5448 करोड़ रुपये की धनराशि अंतरित की जाएगी। इस दौरान कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की भी विस्तार से जानकारी दी गई।

उन्होंने बताया कि जायद फसल में गन्ना अंतःफसली योजना के तहत मूंग बीज मिनीकिट किसानों को निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके लिए 1714 मिनीकिट का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें से 1594 की बुकिंग पहले ही कंफर्म हो चुकी है, जबकि शेष 120 मिनीकिट के लिए बुकिंग जारी है। इसकी अंतिम तिथि 15 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। किसानों से कृषि विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की गई।

कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्षा डॉ. शैफाली सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थी किसानों को प्रमाण पत्र प्रदान किए तथा किसानों को निःशुल्क मूंग बीज मिनीकिट भी वितरित किए। उन्होंने किसानों से फार्मर रजिस्ट्री और फैमिली आईडी बनवाने का भी आह्वान किया, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने प्रधानमंत्री के किसान सम्मान उत्सव कार्यक्रम का लाइव प्रसारण ध्यानपूर्वक देखा और सुना।

इस अवसर पर संयुक्त कृषि निदेशक प्रशांत कुमार, जिला विकास अधिकारी जी.बी. पाठक, भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. योगेंद्र कुमार, जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेंद्र पाल, उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी सदर हर्षित चौहान, जिला गन्ना अधिकारी राम किसन, एक आर कोऑपरेटिव के आमरेन्द्र श्रीवास्तव सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, कृषि विभाग के कर्मचारी, एफपीओ के सदस्य और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन चंद्रहास द्वारा किया गया। अंत में उप कृषि निदेशक संतोष कुमार द्विवेदी ने मुख्य अतिथि, सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और किसानों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
