मुरादाबाद। एलएनएलएसएसवीएम इंटर कॉलेज, किसरौल मुरादाबाद में शनिवार को विद्यालय के पूर्व छात्र एवं प्रख्यात साहित्यकार-कवि तथा भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की राजकीय भाषा हिंदी सलाहकार समिति के सदस्य अभिनव चौहान ‘अभिन्न’ के आगमन पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट कर तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने अभिनव चौहान ‘अभिन्न’ का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। अपने पुराने विद्यालय में पहुंचकर वे भावुक नजर आए। उन्होंने अपने छात्र जीवन की यादों को साझा करते हुए बताया कि इसी विद्यालय ने उन्हें जीवन में आगे बढ़ने और कुछ कर दिखाने की प्रेरणा दी। उन्होंने अपने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक ही वह आधार होते हैं, जो विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और भविष्य का निर्माण करते हैं।
अपने संबोधन में उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ यदि विद्यार्थी आगे बढ़ते हैं तो सफलता निश्चित रूप से उनके कदम चूमती है। उन्होंने छात्रों को साहित्य, भाषा और संस्कृति के महत्व के बारे में भी बताया और हिंदी भाषा के प्रति सम्मान बनाए रखने की अपील की।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उनसे कई विषयों पर संवाद भी किया। कार्यक्रम में एडवोकेट अतुल सोती, अमीता सक्सेना, मयंक शर्मा सहित विद्यालय के सभी स्टाफ सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने अपने पूर्व छात्र की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि अभिनव चौहान ‘अभिन्न’ जैसे पूर्व छात्र संस्थान के लिए प्रेरणा स्रोत हैं और उनकी उपलब्धियां वर्तमान विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का मार्ग दिखाती हैं।
