एलपीजी गैस की कमी को लेकर बड़ी राहत की खबर आई है। सूत्रों के मुताबिक, ईरान ने भारत को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से होकर दो एलपीजी टैंकर भेजने की अनुमति दे दी है। यह कदम ऐसे समय में आया है जब 13 मार्च 2026 को ईरानी राजदूत मोहम्मद फतहाली ने कहा था कि भारत को दुनिया के सबसे अहम समुद्री मार्गों में से एक सुरक्षित रास्ता मिलेगा।
ईरानी राजदूत ने क्या कहा?
जब भारत ने पूछा कि क्या ईरान नई दिल्ली को सुरक्षित मार्ग देगा, तो उन्होंने कहा:
“हां, भारत हमारा मित्र देश है। हम इस समस्या को हल करने की कोशिश कर रहे हैं। इसे आप दो-तीन घंटे में देख लेंगे। हमारा मानना है कि ईरान और भारत इस क्षेत्र में साझा हित रखते हैं।”
कितने भारतीय जहाज फंसे हैं?
शिपिंग मंत्रालय के राजेश कुमार सिन्हा के अनुसार:
- फारस की खाड़ी में 24 भारतीय ध्वज वाले जहाज हैं, जिन पर 677 भारतीय नाविक सवार हैं।
- ओमान की खाड़ी में अब 3 जहाज हैं, जिन पर 76 भारतीय नाविक हैं।
- पूरे खाड़ी क्षेत्र में लगभग 23,000 भारतीय नाविक अलग-अलग जहाजों पर काम कर रहे हैं।
ईरान के प्रतिनिधि डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद नहीं हुआ है। कुछ जहाज अब भी वहां से गुजर रहे हैं।
भारत में LPG की स्थिति
कुछ राज्यों में अभी भी लोग सिलेंडर के लिए कतार में खड़े हैं। लेकिन केंद्र सरकार ने कहा है कि घर तक LPG की सप्लाई बिना रुकावट पहुँच रही है। पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि 5 मार्च से घरेलू LPG का उत्पादन 30% बढ़ चुका है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की:
“किसी भी वितरक के पास स्टॉक खत्म होने की खबर नहीं है। अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर सिलेंडर की बुकिंग न करें।”
