मुरादाबाद। शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध इस्तेमाल और रिफिलिंग के खिलाफ जिला पूर्ति विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जनरल स्टोर पर छापेमारी की। यह कार्रवाई बुद्धिविहार क्षेत्र स्थित प्रिया जनरल स्टोर पर की गई, जहां टीम ने मौके से बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर और रिफिलिंग का सामान बरामद किया।

छापेमारी के दौरान अधिकारियों को दुकान से 12 कमर्शियल गैस सिलेंडर और 7 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए। इसके अलावा टीम को गैस रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाली 3 मशीनें भी मिलीं, जिनके जरिए अवैध तरीके से सिलेंडरों से गैस निकालकर छोटे सिलेंडरों में भरी जा रही थी।
जांच के दौरान दुकान से गैस रिफिलिंग से जुड़ा काफी अन्य उपकरण और सामान भी बरामद किया गया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि यहां घरेलू गैस सिलेंडरों से गैस निकालकर उसे व्यावसायिक उपयोग के लिए बेचा जा रहा था, जिससे न केवल सरकारी नियमों का उल्लंघन हो रहा था बल्कि बड़े हादसे का खतरा भी बना हुआ था।

बताया जा रहा है कि यह जनरल स्टोर ज्ञानेंद्र कुमार अग्रवाल का है। जिला पूर्ति विभाग की टीम ने मौके पर मौजूद सामान को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में इस तरह गैस रिफिलिंग का काम चलना बेहद खतरनाक है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था।

जिला पूर्ति विभाग की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के दुकानदारों में भी खौफ का माहौल देखा गया। वहीं प्रशासन ने साफ कर दिया है कि घरेलू गैस का व्यावसायिक इस्तेमाल और अवैध रिफिलिंग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
