मुरादाबाद। जनपद में पुलिस व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने और थानों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के उद्देश्य से रविवार देर रात पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कुंवर आकाश सिंह ने थाना भोजपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान एसपी ग्रामीण ने सबसे पहले थाना कार्यालय और पूरे परिसर का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने थाने में मौजूद अभिलेखों, कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने थाने में तैनात पुलिसकर्मियों से भी बातचीत कर उनकी ड्यूटी और व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी हासिल की।

इस दौरान एसपी ग्रामीण ने विशेष रूप से प्रशिक्षु रिक्रूट आरक्षियों के लिए की गई आवासीय व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बैरकों में साफ-सफाई, रहने की व्यवस्था, पानी, बिजली और अन्य जरूरी सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि प्रशिक्षण के दौरान आरक्षियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान थाने और बैरकों में साफ-सफाई की स्थिति, आवासीय व्यवस्थाओं और अन्य बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा करते हुए एसपी ग्रामीण ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थानों में अनुशासन, स्वच्छता और व्यवस्था बनाए रखना बेहद जरूरी है, जिससे पुलिस कर्मियों का मनोबल भी मजबूत रहता है और जनता को भी
बेहतर सेवा मिलती है।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि थाने में आने वाले फरियादियों के साथ बेहतर व्यवहार किया जाए और उनकी शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

एसपी ग्रामीण के इस औचक निरीक्षण से थाना स्टाफ में हलचल देखी गई और अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देशों पर तत्काल अमल शुरू कर दिया@Zafar-INN
