मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश में आतंकी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने **इस्लामिक स्टेट के ऑनलाइन मॉड्यूल से जुड़े एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हारिश अली के रूप में हुई है, जिसे मुरादाबाद से दबोचा गया।
बताया जा रहा है कि हारिश अली मूल रूप से सहारनपुर का रहने वाला है और वह बीडीएस (द्वितीय वर्ष) का छात्र है। जांच एजेंसियों के अनुसार वह लंबे समय से आईएसआईएस के ऑनलाइन नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और सोशल मीडिया के जरिए कट्टरपंथी विचारधारा का प्रचार-प्रसार कर रहा था।
एटीएस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इंस्टाग्राम, डिस्कॉर्ड समेत कई एन्क्रिप्टेड एप्स पर फर्जी नाम से अकाउंट संचालित कर रहा था। इन अकाउंट्स के जरिए वह आईएसआईएस से जुड़े हैंडलर्स और अन्य मुजाहिद साथियों के संपर्क में था तथा कट्टरपंथी सामग्री और प्रोपेगैंडा फैलाने का काम कर रहा था।
जांच एजेंसियों का कहना है कि आरोपी पर सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को कट्टरपंथ की ओर प्रेरित करने और फिदायीन हमलों के लिए भड़काने का भी आरोप है। एटीएस को उसके डिजिटल उपकरणों से कई संदिग्ध चैट, दस्तावेज और ऑनलाइन गतिविधियों के प्रमाण मिले हैं, जिनकी गहन जांच की जा रही है।
लखनऊ और मुरादाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। एटीएस यह भी पता लगाने में जुटी है कि उसके संपर्क में और कौन-कौन लोग थे तथा कहीं वह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं था।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां आरोपी के मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल डिवाइस की फोरेंसिक जांच करा रही हैं ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
