मुरादाबाद। आगामी ईद उल फितर पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए भोजपुर थाना पुलिस ने क्षेत्र में तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने पुलिस टीम के साथ क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक ने ईदगाह तक जाने वाले प्रमुख रास्तों का स्थलीय निरीक्षण किया और वहां की साफ-सफाई, रास्तों की स्थिति तथा अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।

उन्होंने संबंधित हल्का इंचार्ज, बीट कांस्टेबल और गांव के प्रधानों को निर्देश दिए कि समय रहते ईदगाह तक जाने वाले रास्तों को दुरुस्त कराया जाए और सफाई व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए, ताकि नमाज के लिए आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
थाना प्रभारी ने कहा कि पर्व के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए पुलिस लगातार गश्त और निगरानी कर रही है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जाएगी और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि ईद उल फितर के मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल देने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
