मुरादाबाद। विकासखंड कुंदरकी के पंचायत भवन में आयोजित एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला में कुंदरकी के भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की।

इस अवसर पर उन्होंने ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाने, ग्रामीण विकास को तेज़ी देने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम में क्षेत्र के ग्राम प्रधान, स्थानीय निकायों के प्रतिनिधि और विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायत, विद्यालय परिवार और प्रशासन के बीच समन्वय ही गांवों के समग्र विकास की कुंजी है। उन्होंने कहा कि जब समाज के सभी जिम्मेदार वर्ग एक मंच पर आकर काम करते हैं तो विकास की गति कई गुना बढ़ जाती है और इसका सीधा लाभ गांवों के बच्चों और आम नागरिकों को मिलता है।

भाजपा विधायक ने शिक्षा को समाज की आधारशिला बताते हुए विद्यालयों की गुणवत्ता सुधार, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति और नामांकन बढ़ाने, विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों से सुझाव भी प्राप्त किए और पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रधानाध्यापकों (गुरुजनों) और ग्राम प्रधानों को विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

उन्होंने कहा कि शिक्षा और ग्राम विकास के क्षेत्र में बेहतर काम करने वालों का सम्मान समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनता है।

संगोष्ठी में विद्यालयों की गुणवत्ता सुधार, छात्र उपस्थिति, नामांकन वृद्धि और ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम के माध्यम से गांवों में शिक्षा और विकास के लिए साझा संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
