मुरादाबाद। थाना भोजपुर क्षेत्र के ग्राम सेहल में सरकारी जांच टीम के साथ अभद्रता, मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, जिससे शांति व्यवस्था भी प्रभावित हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 मार्च 2026 को थाना भोजपुर में तैनात उपनिरीक्षक विपिन कुमार की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया। आरोप है कि ग्राम सेहल में ग्राम प्रधान से संबंधित जांच के लिए पहुंची समाज कल्याण विभाग की टीम के कार्य में कुछ लोगों ने बाधा डाली। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम के साथ भी धक्का-मुक्की की और उन्हें चोट पहुंचाई।
बताया गया कि विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर गाली-गलौज हुई और मामला इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इस हिंसक झड़प में कई लोग घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जिससे आम लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई।
इस संबंध में थाना भोजपुर पर मु0अ0सं0 0089/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं सहित आपराधिक कानून (संशोधन) अधिनियम 1932 की धारा-7 के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों—भुवनेश कुमार शर्मा, पवन कुमार पांडे और ध्रुव कुमार शर्मा, निवासीगण ग्राम सेहल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
थाना भोजपुर पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी सूरत में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है@जफर-INN
