मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर अब भारत में भी दिखने लगा है। प्रीमियम पेट्रोल के दाम में करीब 2 से 2.30 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की गई है, जबकि सामान्य पेट्रोल की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं हुआ है।
रिपोर्ट के मुताबिक, नई दरें 20 मार्च से लागू कर दी गई हैं। HPCL के पावर पेट्रोल और IOCL के एक्सपी95 जैसे ब्रांडेड ईंधनों की कीमतों में यह बढ़ोतरी की गई है।
प्रीमियम पेट्रोल का इस्तेमाल आमतौर पर बेहतर इंजन परफॉर्मेंस और ज्यादा माइलेज के लिए किया जाता है, खासकर हाई-परफॉर्मेंस गाड़ियों में।
वहीं, सरकार ने आम उपभोक्ताओं को राहत देते हुए सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। फिलहाल नई दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर पर बना हुआ है।
