मुरादाबाद। विकास भवन स्थित सभागार में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की प्रगति की समीक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी ने की, जिसमें जनपद के विभिन्न विकासखंडों से जुड़े अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों (SHGs) से जुड़े कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समूहों के कैडर के मानदेय भुगतान से संबंधित सभी लंबित प्रस्ताव एवं अभिलेख आगामी सोमवार तक हर हाल में जिला मिशन प्रबंधक कार्यालय में जमा कराए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर मानदेय भुगतान में लापरवाही पाई गई, तो संबंधित खंड विकास अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हाउसहोल्ड सैचुरेशन अभियान की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सीडीओ ने सभी विकासखंडों को निर्देशित किया कि अगले एक सप्ताह के भीतर प्रत्येक ब्लॉक में कम से कम 1000 ऐसे पात्र लाभार्थियों की पहचान की जाए, जो राशन कार्ड धारक तो हैं, लेकिन अभी तक स्वयं सहायता समूहों से नहीं जुड़े हैं। ऐसे सभी पात्रों का सत्यापन कर उन्हें समूहों से जोड़ने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी सामने आया कि जनपद में 121 स्वयं सहायता समूह ऐसे हैं, जिनके बैंक खाते एनपीए (नॉन-परफॉर्मिंग एसेट) की श्रेणी में पहुंच गए हैं। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे समूहों का तत्काल सत्यापन कर उनकी वित्तीय स्थिति को सुधारने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, साथ ही उनकी रुकी हुई ऋण किस्तों का पुनः संचालन सुनिश्चित किया जाए।
इसके अतिरिक्त, स्वयं सहायता समूहों के 14,600 सदस्यों की फैमिली आईडी तैयार करने के लक्ष्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर समूह सदस्यों की पहचान कर ग्राम रोजगार सेवक एवं समूह सखी के सहयोग से जिन पात्र परिवारों के राशन कार्ड नहीं बने हैं, उनके आवेदन तत्काल कराकर राशन कार्ड जारी कराना सुनिश्चित किया जाए।
अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने, पारदर्शिता बनाए रखने और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला मिशन प्रबंधक, उपायुक्त (स्वरोजगार), सभी विकासखंडों के सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास) तथा ब्लॉक मिशन प्रबंधक मौजूद रहे।
