मुरादाबाद। सोमवार को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने जनसुनवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनसुनवाई कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिकायतकर्ता अपनी-अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनकी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर संज्ञान लिया गया।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का शीघ्र, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े और उसे समय पर न्याय मिलना चाहिए।
कुंवर आकाश सिंह ने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। साथ ही महिला हेल्पडेस्क को सशक्त करने पर भी जोर दिया, ताकि महिलाओं से जुड़ी शिकायतों का त्वरित और संवेदनशील तरीके से समाधान हो सके।

उन्होंने कहा कि ऐसी समस्याएं, जिनका समाधान थाना स्तर पर ही संभव है, उन्हें बिना देरी के वहीं निपटाया जाए। इसके लिए सभी थाना प्रभारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं के समाधान में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनसुनवाई के माध्यम से लोगों को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी रही, जिन्होंने शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया@जफर-INN
