मुरादाबाद। जनपद में शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु आयोजित “सम्पूर्ण समाधान दिवस” के अवसर पर सोमवार को तहसील बिलारी में जिलाधिकारी अनुज सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने संयुक्त रूप से फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना।

इस दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याएं—जमीन विवाद, राजस्व संबंधी प्रकरण, पुलिस से जुड़ी शिकायतें, पेंशन, आवास एवं अन्य जनहित से जुड़े मुद्दे अधिकारियों के समक्ष रखे।
जिलाधिकारी अनुज सिंह ने सभी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज कराते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने पुलिस से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि फरियादियों को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने थाना स्तर पर लंबित मामलों की समीक्षा कर शीघ्र निस्तारण के आदेश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जिससे फरियादियों के चेहरे पर संतोष नजर आया। अधिकारियों ने यह भी निर्देशित किया कि जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं है, उनमें निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन द्वारा आयोजित इस जनसुनवाई कार्यक्रम ने आमजन में विश्वास और पारदर्शिता की भावना को और मजबूत किया है@जफर-INN
