मुरादाबाद। औद्योगिक विकास को नई गति देने के उद्देश्य से मंडलीय उद्योग बंधु समिति की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन संयुक्त आयुक्त उद्योग योगेश कुमार द्वारा किया गया। यह बैठक MDA सभागार में संपन्न हुई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी और उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक में पूर्व में हुई बैठक (21 फरवरी 2026) के अनुपालन की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अधिकांश कार्यों पर प्रगति हुई है, जबकि शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।

सबसे अहम मुद्दा शहर के पुराने यातायात ढांचे को लेकर सामने आया। रामगंगा क्षेत्र के पास रेलवे समपार संख्या 413-ए पर अतिरिक्त लेन के साथ ऊपरी गामी सेतु (ओवरब्रिज) निर्माण की योजना को जिला प्रशासन द्वारा स्वीकृति दी जा चुकी है और इसे पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। इससे यातायात जाम की समस्या में राहत मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा, डियर पार्क के संचालन और उसके समुचित रखरखाव के लिए 174.40 लाख रुपये की कार्ययोजना तैयार की गई है। वन विभाग को इस योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने और पार्क को पूर्ण रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए।
शहर में ई-वेस्ट रिसाइक्लिंग और कलेक्शन को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम को निर्देशित किया गया कि डिजिटल माध्यमों के जरिए इस प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और इसे जल्द शुरू किया जाए।
लघु उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लघु इंडस्ट्रियल एरिया के नियोजन तथा 12, 18 और 24 मीटर चौड़ी सड़कों के विकास को भी प्राथमिकता में रखा गया है। इन क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि उद्योगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिल सकें।
बैठक में न्यू मुरादाबाद के सेक्टर-10 पंप के सामने सड़क निर्माण को वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में शामिल करने का निर्णय लिया गया, जिससे इस क्षेत्र के विकास को और मजबूती मिलेगी।
अधिकारियों ने साफ तौर पर कहा कि औद्योगिक विकास में बाधा बनने वाले किसी भी कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी योजनाओं को तय समयसीमा में पूरा किया जाएगा।
बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि और संबंधित प्राधिकरणों के पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने अपने-अपने सुझाव रखे और विकास कार्यों को गति देने पर सहमति जताई।
