मुरादाबाद। जनपद के थाना मैनाठेर क्षेत्र में वर्ष 2011 में हुई गंभीर आपराधिक घटना से जुड़े मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोषसिद्ध वारंटी मोहम्मद फिरोज को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को की गई इस गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जिला कारागार मुरादाबाद भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 6 जुलाई 2011 को मैनाठेर थाना क्षेत्र में अफवाहों के चलते स्थानीय लोगों की भीड़ ने उग्र रूप धारण कर लिया था। लाठी-डंडों और तमंचों से लैस हमलावरों ने पुलिस पर हमला कर दिया था, जिसमें उस समय के पुलिस उपमहानिरीक्षक, मुरादाबाद परिक्षेत्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे। यह घटना उस समय पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बनी थी।
इस मामले में थाना मैनाठेर पर मु0अ0सं0 177/2011 के तहत धारा 147, 148, 149, 307, 395, 397, 332, 353, 336, 436 और 427 भादवि के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस द्वारा कुल 25 आरोपियों के खिलाफ 1 अक्टूबर 2011 को आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया गया था।
मामले की सुनवाई अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (कोर्ट संख्या-02), मुरादाबाद की अदालत में चल रही है। न्यायालय द्वारा 16 आरोपियों के विरुद्ध गैर-जमानती वारंट जारी किए गए थे। इनमें से 3 आरोपियों की मृत्यु हो चुकी है, जबकि 6 आरोपियों के मामले किशोर न्याय बोर्ड में विचाराधीन हैं।
सुनवाई के दौरान 23 मार्च 2026 को 14 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेजा गया था। इसके बाद 24 मार्च को एक अन्य आरोपी रिजवान को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस ने दोषसिद्ध वारंटी मोहम्मद फिरोज पुत्र नन्हे, निवासी ग्राम ताहरपुर, थाना मैनाठेर को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए।
इस गिरफ्तारी में थाना मैनाठेर पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में प्रभारी निरीक्षक किरणपाल सिंह, निरीक्षक अपराध अजय कुमार, कांस्टेबल मनीष भाटी, सतेन्द्र कुमार और शिवम कुमार शामिल रहे।
