मुरादाबाद। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री अनिल कुमार ने सर्किट हाउस सभागार में प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इस दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को विस्तार से प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने बीते नौ वर्षों में सुशासन, विकास और जनविश्वास की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। यह अवधि केवल समय का अंतराल नहीं, बल्कि बदलाव और विश्वास की एक महत्वपूर्ण यात्रा रही है। सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र को धरातल पर उतारते हुए पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित किया है।

प्रभारी मंत्री ने कानून-व्यवस्था को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई से आमजन में सुरक्षा का भाव मजबूत हुआ है। महिला सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाए गए हैं और पुलिस व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से सुदृढ़ किया गया है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश निवेश के लिए एक सुरक्षित और आकर्षक राज्य के रूप में स्थापित हो चुका है।

धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण और कुंभ मेले में करोड़ों श्रद्धालुओं की भागीदारी को उन्होंने देश की आस्था और एकता का प्रतीक बताया। वहीं प्रशासनिक सुधारों के तहत दस्तावेजों के डिजिटलीकरण और स्वामित्व योजना के माध्यम से पारदर्शिता बढ़ाने की बात कही।

उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश आया है और 30 हजार से अधिक फैक्ट्रियों का पंजीकरण हुआ है। साथ ही लाखों सरकारी नौकरियों के साथ-साथ निजी क्षेत्र में भी बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। स्टार्टअप और कौशल विकास योजनाओं से युवाओं को नई दिशा मिली है।

कृषि क्षेत्र में प्रदेश की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों को रिकॉर्ड भुगतान किया गया है और उनकी आय में वृद्धि हुई है। बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे, रेलवे, एयरपोर्ट और मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से प्रदेश की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।
गरीब कल्याण योजनाओं के तहत मुफ्त राशन, आवास, शौचालय, बिजली और पेयजल जैसी सुविधाओं का व्यापक विस्तार किया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए नए मेडिकल कॉलेज खोले गए हैं।

गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय का निरीक्षण
जनपद भ्रमण के दौरान प्रभारी मंत्री ने निर्माणाधीन गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य में तेजी लाई जाए और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही निर्माण सामग्री की जांच व्यवस्था का भी जायजा लिया।

समीक्षा बैठक में विकास और कानून-व्यवस्था पर चर्चा
सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। ठाकुरद्वारा बस अड्डे के जीर्णोद्धार, सड़कों पर अतिक्रमण हटाने, विद्युत आपूर्ति सुधार और जनसुनवाई व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी अनुज सिंह ने जनपद में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से एमआरआई और डायलिसिस सुविधाओं की आवश्यकता बताई गई, जिस पर मंत्री ने कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने भी स्थानीय समस्याएं उठाईं, जिनमें रामगंगा विहार क्षेत्र में पुलिस चौकी की आवश्यकता और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उपाय शामिल रहे। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
