मुरादाबाद। शनिवार को पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी) कुमार रणविजय सिंह ने जनपद में अपराध नियंत्रण एवं कानून-शांति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से माननीय न्यायालय परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लेते हुए हर बिंदु पर सतर्कता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने न्यायालय परिसर में तैनात पुलिस बल की मुस्तैदी, प्रवेश एवं निकास द्वारों पर सुरक्षा प्रबंध, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली तथा संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी भी ली।

कुमार रणविजय सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि न्यायालय परिसर जैसे संवेदनशील स्थान पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान पूर्ण सतर्कता बरतें और हर आने-जाने वाले व्यक्ति की प्रभावी चेकिंग सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि परिसर में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम तत्काल उठाए जाएं। इसके साथ ही पुलिस बल को नियमित रूप से अलर्ट रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया।
