मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी के कथित अपहरण का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 30 मार्च की तड़के करीब 3 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि गांव के ही तीन युवक कार से उनके घर के पास पहुंचे और उनकी लगभग 16 वर्षीय बेटी को जबरन अपने साथ ले गए। घटना के समय परिवार के सदस्य घर पर ही मौजूद थे।
पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि उन्होंने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी और विरोध भी किया, लेकिन आरोपियों ने धमकाते हुए किशोरी को कार में बैठाकर फरार हो गए। घटना के बाद परिवार में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।
इनके खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस के अनुसार, मामले में गांव निवासी इमरान, इकराम, इंतजार पुत्र भूरा एवं अवतार (इंतजार का रिश्तेदार) को नामजद किया गया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस की कार्रवाई
भोजपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच विवेचक जोगेंद्र तेवतिया को सौंपी गई है। पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी आरोपियों की तलाश की जा रही है।
थाना पुलिस का कहना है कि नाबालिग किशोरी की सकुशल बरामदगी प्राथमिकता में है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ग्रामीणों में रोष
घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की बात कही है@जफर-INN
