मुरादाबाद। शनिवार को पुलिस प्रशासन ने जनसुनवाई और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से थाना भगतपुर में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया। इस दौरान कुंवर आकाश सिंह (पुलिस अधीक्षक ग्रामीण) ने आशीष प्रताप सिंह (क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा) के साथ कार्यक्रम में पहुंचकर फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
समाधान दिवस में विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने भूमि विवाद, आपसी रंजिश, राजस्व संबंधित मामलों सहित कई शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को राहत मिल सके।

इसके साथ ही आगामी डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में क्षेत्र में निकलने वाली झांकियों को लेकर भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। अधिकारियों ने आयोजकों से संवाद कर कार्यक्रम की रूपरेखा, मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के संबंध में आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पीस कमेटी की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में मौजूद गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं एवं समिति सदस्यों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने सभी संबंधितों को निर्देश दिए कि त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें@जफर-INN
