मुरादाबाद। भोजपुर क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण सामने आया है, जब सांसद रुचि वीरा द्वारा नगर के एक युवा को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर के सैफ मियाँ (पोत्र लल्ला मियाँ) को दिशा कमेटी का सदस्य नामित किया गया है, जिससे स्थानीय युवाओं में उत्साह और गर्व का माहौल है।
इस नामांकन को क्षेत्र में युवाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है। सैफ मियाँ लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर अपनी भागीदारी निभाते रहे हैं। उनके चयन से न केवल भोजपुर, बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ा है।
जैसे ही उनके नामांकन की सूचना नगरवासियों तक पहुंची, लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।
स्थानीय लोगों, युवाओं और शुभचिंतकों ने इसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए सांसद का आभार व्यक्त किया।
राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी इस फैसले को सराहा जा रहा है। लोगों का मानना है कि युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने से विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में नई ऊर्जा और पारदर्शिता आएगी।
दिशा कमेटी में सदस्य के रूप में सैफ मियाँ अब विभिन्न विकास योजनाओं की निगरानी और सुझाव देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलने की उम्मीद है@जफर-INN
